
ऋषिकेश
ऋषिकेश की सड़कों पर आवारा बंदरों का आतंक एक बार फिर एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां निगल गया। हरिद्वार रोड पर शनिवार सुबह अखंड आश्रम के नजदीक अचानक सड़क पर काल बनकर आए एक बंदर को बचाने के प्रयास में सवारियों से भरा इलेक्ट्रिक ऑटो बेकाबू होकर पलट गया। इस भीषण हादसे में ऑटो के नीचे दबने से चालक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार एक बच्चे समेत पांच यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस के मुताबिक खदरी खड़कमाफ के दिल्लीफार्म निवासी 44 वर्षीय विजय पंत रोज की तरह सुबह करीब साड़े 8 बजे अपने ई-ऑटो में सवारियां लेकर हरिद्वार की ओर से ऋषिकेश आ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अखंड आश्रम के पास अचानक एक बंदर तेज रफ्तार से ऑटो के ठीक सामने आ गया। बेजुबान की जान बचाने के लिए विजय ने पूरी ताकत से ऑटो मोड़ते हुए ब्रेक लगाए, लेकिन रफ्तार और अचानक मुड़ने के कारण ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि ऑटो पलटते ही चालक विजय पंत ऑटो के नीचे बुरी तरह दब गए। ऑटो में बैठी सवारियों की चीख सुनकर राहगीर दौड़े। किसी तरह ऑटो को सीधा कर लहूलुहान हालत में विजय को बाहर निकाला गया। एक अन्य वाहन चालक ने मानवता दिखाते हुए उन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन सिर में लगी गहरी चोट जानलेवा साबित हुई और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, ऑटो में सवार एक महिला को गुम चोटें आई हैं, जबकि एक बच्चे समेत अन्य चार यात्री बाल-बाल बच गए। विजय की मौत की खबर जैसे ही दिल्लीफार्म स्थित उनके घर पहुंची, पूरे इलाके में मातम पसर गया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं चार साल के बेटे और महज एक साल की मासूम बेटी को तो यह भी समझ नहीं आ रहा कि उनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ चुका है। विजय ही घर का इकलौता कमाने वाला था, अब परिवार के सामने रोजी-रोटी का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। एसएसआई नवीन जोशी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
