
ऋषिकेश
ऋषिकेश के निकट मुनि की रेती क्षेत्र में गंगा तट पर बिना प्रशासनिक अनुमति के विवाह समारोह आयोजित करने का मामला सामने आया है। नरेंद्रनगर के उप जिलाधिकारी पंकज भट्ट ने इस पूरे घटनाक्रम पर स्पष्ट किया है कि गंगा तट जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण क्षेत्र में नियमों के विरुद्ध इस प्रकार के आयोजन बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उप जिलाधिकारी के मुताबिक 12 नवंबर को मुनि की रेती क्षेत्र में गंगा तट पर विवाह समारोह आयोजित किए जाने की सूचना मिलने पर राजस्व, सिंचाई विभाग और नगरपालिका की संयुक्त टीम ने मौके पर निरीक्षण किया। जांच में यह बात सामने आई कि यह आयोजन एक स्थानीय व्यक्ति संजय के माध्यम से कराया गया। नगरपालिका ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के नियमों के उल्लंघन पर आयोजक पर तुरंत 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। राजस्व उप निरीक्षक तपोवन और सिंचाई विभाग की ओर से संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए गए हैं। उप जिलाधिकारी ने बताया कि इस मामले में एफआईआर और कड़ी विधिक कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी टिहरी को पत्र भेजा जा रहा है। प्रशासन ने यह भी संज्ञान लिया है कि यदि इस आयोजन की जानकारी मिलने के बावजूद अन्य संबंधित विभागों या कर्मियों द्वारा समय पर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो उनकी संलिप्तता की जांच कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन का यह कड़ा संदेश है कि भविष्य में इस तरह के अवैध आयोजनों को रोकने के लिए नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। जिससे अन्य लोग इस तरह की गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित न हों।
