
देवप्रयाग
देवप्रयाग कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुरारीनगर और तीनधारा के बीच एक महिंद्रा स्कॉर्पियो और अर्टिगा टैक्सी की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों में सवार 13 लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक आज 112 के माध्यम से सूचना मिली कि देवप्रयाग मुरारीनगर के पास दो वाहन आपस में टकरा गए हैं। सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग से एसएचओ मय पुलिस बल और आपदा-राहत उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि महिंद्रा स्कॉर्पियो लुधियाना पंजाब से बद्रीनाथ धाम जा रही थी। जिसमें एक ही परिवार के 7 लोग सवार थे। वाहन को बलविंदर पुत्र कृष्ण देव चला रहे थे। वहीं, दूसरी गाड़ी अर्टिगा टैक्सी में चालक सहित कुल 6 लोग सवार थे। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। अर्टिगा टैक्सी में सवार मदन लाल भट्ट को गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवप्रयाग ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अर्टिगा और स्कॉर्पियो में सवार अन्य 13 घायलों को CHC देवप्रयाग में प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर श्रीनगर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर रास्ते को पूरी तरह सुचारू करा दिया है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण स्कॉर्पियो चालक की कथित लापरवाही सामने आई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और उच्चाधिकारियों को घटना की सूचना दे दी गई है।
घायलों और मृतकों का विवरण:
1. महिंद्रा स्कॉर्पियो (PB10KT-3636) में सवार घायल:
- बलविंदर पुत्र कृष्ण देव (चालक), उम्र- 42 वर्ष, निवासी- लुधियाना, पंजाब
- जसप्रीत उर्फ ज्योति पत्नी बलविंदर, उम्र- 49 वर्ष
- कमल पुत्र गुरमेल सिंह, निवासी- जनकपुरी, गाजियाबाद
- अनीता पत्नी कमल सिंह
- शिविका पुत्री कमल
- सानवी पुत्री कमल
- अर्शवीर पुत्र बलविंदर
2. अर्टिगा टैक्सी (UK12TA-4646) में सवार घायल व मृतक:
- मृतक: मदन लाल भट्ट पुत्र स्व. दाताराम भट्ट, उम्र- 69 वर्ष, निवासी- स्यालांगी, पट्टी सितोन्स्यूं, कोट ब्लॉक, पौड़ी गढ़वाल।
- संदीप रावत पुत्र यशवंत सिंह रावत (चालक), निवासी- पोखरी मसनगांव, पौड़ी गढ़वाल
- करण नेगी, निवासी- कांडी, पौड़ी गढ़वाल
- आनंदी भट्ट, उम्र- 50 वर्ष
- भावना पत्नी क्रांति नेगी, उम्र- 31 वर्ष
- क्रांति नेगी
- कामिनी पुत्री हिम्मत सिंह, निवासी- पंडोरी, पोस्ट लवाली, पौड़ी गढ़वाल
