
ऋषिकेश
पुलिस को मुखबिरी करने का शक जाहिर करते हुए एक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी और पाटल से जानलेवा हमला करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे नामजद आरोपी को ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक 15 अक्टूबर 2026 को आईडीपीएल कॉलोनी निवासी शुभम ने कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि बैराज कॉलोनी रोड स्थित संजय टैगोर की दुकान पर अवैध शराब बेचने की सूचना पुलिस को देने का आरोप लगाते हुए संजय टैगोर, जुगल किशोर और उनके साथियों ने उसके व उसके साथी के साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए कुल्हाड़ी और पाटल से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी संजय टैगोर उर्फ संजीव कुमार गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि दूसरा नामजद आरोपी जुगल किशोर लगातार फरार चल रहा था। आज मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने लक्कड़घाट रोड से आरोपी जुगल किशोर निवासी विस्थापित आईडीपीएल को दबोच लिया।
