

ऋषिकेश
समाज सेवा के अपने संकल्प स्वयं से पहले सेवा को चरितार्थ करते हुए रोटरी क्लब ऋषिकेश ने आज श्री जी ब्राइट स्कॉलर एकेडमी में निःशुल्क मेडिकल और डेंटल कैंप का आयोजन किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या सरिता बडोनी और पूरे स्कूल स्टाफ के विशेष सहयोग से आयोजित इस शिविर में स्थानीय क्षेत्रवासियों और विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। दिनभर चले इस शिविर में 400 से अधिक मरीजों ने जनरल एवं डेंटल ओपीडी का लाभ उठाया। शिविर में आए लोगों को न केवल विशेषज्ञों द्वारा उचित चिकित्सीय परामर्श दिया गया, बल्कि जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयाँ भी वितरित की। इस जनसेवा अभियान को सफल बनाने में शहर के जाने-माने चिकित्सकों ने अपना बहुमूल्य योगदान दिया।

रोटरी क्लब ऋषिकेश ने शिविर में निस्वार्थ सेवा देने वाले Dr. अरुण शर्मा, Dr. हरि ओम प्रसाद, Dr. जी.एल. अरोड़ा एवं Dr. बलोदी का विशेष आभार व्यक्त करते हुए उनके समर्पण को नमन किया। सचिव मनीष राजपूत ने बताया कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना रोटरी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शहर के दूरस्थ और कम सुविधाओं वाले इलाकों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर लोगों के लिए संजीवनी साबित होते हैं। ये प्रयास न केवल बीमारियों से राहत दिलाते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मकता और सेवा भाव को भी मजबूत करते हैं। क्लब ने यह संकल्प दोहराया कि आने वाले समय में भी ऋषिकेश और आसपास के इलाकों में ऐसे जनउपयोगी मेडिकल, डेंटल और सामाजिक सेवा शिविरों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा, ताकि कोई भी व्यक्ति बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे।
