

ऋषिकेश
ऋषिकेश में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर के प्रमुख घाटों, मंदिरों और घरों में विशेष चहल-पहल देखने को मिली। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र की कामना की, वहीं भाइयों ने भी बहनों को जीवनभर रक्षा का वचन और उपहार दिए। इस बार त्यौहार में छोटे बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा। नन्हे-मुन्नों ने कार्टून कैरेक्टर वाली रंग-बिरंगी राखियां पहनकर और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर जमकर खुशियां मनाईं।

छोटी बहनों ने पारंपरिक अंदाज में अपने नन्हे भाइयों का तिलक किया, जिससे घरों में दिनभर बच्चों की किलकारियां और रौनक बनी रही। त्रिवेणी घाट और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का तांता लगा रहा। त्यौहार को लेकर शहर के मुख्य बाजार, क्षेत्र रोड और ढालवाला के बाजारों में राखियों और मिठाइयों की दुकानों पर भारी भीड़ रही। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी प्रमुख चौराहों और घाटों पर मुस्तैद रहा।

