

ऋषिकेश
देश में पेट्रोल और चीनी सहित रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के लगातार बढ़ते दामों से त्रस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आज महानगर कांग्रेस कमेटी ऋषिकेश के तत्वावधान में आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया और भाजपा सरकार का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र और महिला अध्यक्ष पुष्पा मिश्रा ने सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा की आर्थिक नीतियों का खामियाजा आज देश का हर आम नागरिक भुगत रहा है। पेट्रोल-डीजल की बेलगाम कीमतों ने परिवहन खर्च बढ़ाकर हर जरूरी सामान को महंगा कर दिया है, वहीं चीनी के दामों में उछाल ने आम परिवारों की रसोई का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है।
इथेनॉल नीति पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने के अत्यधिक उपयोग से चीनी मिलों और बाजार में चीनी की उपलब्धता पर भारी दबाव पड़ रहा है। ललित मोहन मिश्र ने कहा, “सरकार को यह सार्वजनिक करना चाहिए कि इस इथेनॉल नीति का असली फायदा किसे मिल रहा है और किसानों व आम उपभोक्ताओं को इसकी क्या कीमत चुकानी पड़ रही है। यदि गन्ने के उपयोग और चीनी उत्पादन का संतुलन यूं ही बिगड़ता रहा, तो आने वाले दिनों में चीनी के दाम और बेलगाम होंगे।”
प्रदेश कांग्रेस महासचिव जयेंद्र रमोला और दीप शर्मा ने सरकार को चेताते हुए कहा कि एक तरफ पेट्रोलियम पदार्थ आम आदमी की पहुंच से बाहर हो रहे हैं, तो दूसरी तरफ खाद्य पदार्थों के दाम आसमान छू रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार इथेनॉल खपत और चीनी उत्पादन की तुरंत समीक्षा करे, किसानों को गन्ने का उचित मूल्य दिलाए और उपभोक्ताओं को सस्ती दरों पर आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराए।
कांग्रेस नेताओं ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि सरकार ने महंगाई पर तत्काल रोक लगाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़कों पर उतरेगी और आंदोलन को और अधिक उग्र करेगी।
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान एडवोकेट राकेश सिंह, महंत विनय सारस्वत, मदन मोहन शर्मा, चंदन सिंह पवार, भगवान सिंह पवार, परमेश्वर राजभर, रुकम पोखरियाल, संजय भारद्वाज, ऋषि सिंघल, बृजभूषण बहुगुणा, भूपेंद्र राणा, मधु मिश्रा, अंबिका देवी, उमा ओबेरॉय, मधु जोशी, जयपाल बिट्टू, रजनीकांत, शशि शरण, अशोक शर्मा, पवन कुमार शर्मा, विनोद राठौड़, प्रवीण गर्ग, कृष्णा राजभर, विवेक तिवारी, सुनील गुप्ता, वीर बहादुर राजभर और सतीश राजभर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
