

ऋषिकेश
भारतीय जनता पार्टी से एकांत गोयल के निष्कासन के मामले में नया मोड़ आया है। भाजपा पार्षद संध्या बिष्ट गोयल ने अपने दर्जनों समर्थकों के साथ ऋषिकेश विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल के बैराज मार्ग स्थित कैंप कार्यालय में मुलाकात की और पूरे प्रकरण पर पक्ष विस्तार से रखा। मुलाकात के दौरान पार्षद संध्या बिष्ट गोयल ने विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल को इस पूरे घटनाक्रम के विभिन्न पहलुओं, तथ्यों और परिस्थितियों से अवगत कराया। इस दौरान गंगानगर क्षेत्र और भाजपा संगठन से जुड़े बड़ी संख्या में सम्मानित साथी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने पार्षद संध्या बिष्ट गोयल के प्रति अपना पूर्ण समर्थन और विश्वास जताया। समर्थकों के भारी हुजूम को संबोधित करते हुए पार्षद संध्या बिष्ट गोयल ने कहा कि साथियों का अटूट सहयोग, विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी समर्थकों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए प्रतिबद्धता जताई कि वह क्षेत्र के विकास, जनहित और लोगों के विश्वास के अनुरूप अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करती रहेंगी।
समर्थकों ने दिखाई एकजुटता
बैठक के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए पार्षद के समर्थन में हुंकार भरी। राजनीतिक गलियारों में इस बैठक को केवल निष्कासन प्रकरण पर पक्ष रखने तक सीमित न मानकर, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय समर्थकों के शक्ति प्रदर्शन व एकजुटता के रूप में भी देखा जा रहा है।
