

देहरादून
जनपद देहरादून में लगातार हो रही वर्षा और मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। देहरादून जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, गैर-शासकीय व निजी स्कूलों के साथ-साथ समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में 14 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
मौसम विभाग ने जारी किया ‘ऑरेंज अलर्ट’
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून और एनडीएमए (NDMA) के अलर्ट पोर्टल के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान देहरादून जनपद के विभिन्न हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने और बारिश का अति तीव्र दौर होने की संभावना जताई गई है। मौसम के इस रुख को देखते हुए क्षेत्र में ‘ऑरेंज अलर्ट’ (Orange Alert) जारी किया गया है।
सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया फैसला
जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, डॉ. आशीष चौहान द्वारा जारी आदेश के अनुसार, किसी भी अप्रिय घटना से बचाव और आपदा न्यूनीकरण (Risk Reduction) के दृष्टिगत बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु यह कदम उठाया गया है।
आदेश का सख्त पालन:
जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी (देहरादून) को सख्त निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी शैक्षणिक संस्थानों व आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए।
