Oplus_16908288


ऋषिकेश
ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट स्थित नगर निगम की पेड पार्किंग से एक पर्यटक की मोटरसाइकिल चोरी हो गई है। पार्किंग शुल्क देने के बावजूद वाहन सुरक्षित न रहने से पार्किंग व्यवस्था की सुरक्षा और कर्मचारियों की जिम्मेदारी पर सवाल उठने लगे हैं। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक दिल्ली निवासी आशु नारंग बीते 9 अगस्त को ऋषिकेश घूमने आए। उन्होंने अपनी बाइक त्रिवेणी घाट स्थित नगर निगम ऋषिकेश की अधिकृत पेड पार्किंग में खड़ी की और नियमानुसार पार्किंग शुल्क जमा कर रसीद प्राप्त की। दोपहर बाद अज्ञात चोर ने पार्किंग स्थल से उनकी मोटरसाइकिल चोरी कर ली। जिसकी भनक पार्किंग कर्मचारियों को नही लगी। वापस आने पर जब आशु को वाहन गायब दिखाई दिया तो आपातकालीन नंबर 112 पर संपर्क कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पीड़ित ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने पुलिस से चोरी हुई बाइक बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। त्रिवेणी घाट चौकी प्रभारी विनेश कुमार ने बताया कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोर की तलाश में जुट गई है। जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।
