
देहरादून
उत्तराखंड में हो रही बारिश और मौसम विभाग की गंभीर चेतावनी को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिला मजिस्ट्रेट और जनपद आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. आशीष चौहान ने 18 जुलाई 2026 को जनपद के कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र को बंद रखने के आदेश दिए है। डीएम ने बताया कि मौसम विज्ञान विभाग देहरादून और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा 17 जुलाई 2026 को जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 24 घंटों में देहरादून जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली चमकने और अत्यंत तीव्र दौर होने की संभावना जताई गई है। इसी के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षात्मक कदम उठाते हुए जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आपदा न्यूनीकरण के दृष्टिगत जिले के सभी शासकीय, गैर-शासकीय और निजी स्कूलों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में शनिवार 18.07.2026 को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी देहरादून को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी शैक्षणिक संस्थाओं में इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं, ताकि बच्चों को किसी भी अप्रिय घटना से सुरक्षित रखा जा सके।
