
रायवाला
कोतवाली रायवाला पुलिस ने मोबाइल स्नेचिंग की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से छीना गया मोबाइल भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी नशे का आदी है और अपनी लत को पूरा करने के लिए वारदातों को अंजाम देता है। पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि 6 जुलाई को सुरेंद्र ओझा निवासी पशुलोक विस्थापित ऋषिकेश ने कोतवाली रायवाला में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 5 जुलाई को उन्होंने प्रतीतनगर रायवाला स्थित शर्मा कार वाशिंग सेंटर में अपनी कार धुलने के लिए दी थी। जब वह सेंटर से बाहर आए, तो उनका परिचित गुरप्रीत उन्हें मिला। गुरप्रीत ने उन्हें अपनी बातों में उलझाया और अचानक उनके हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गया। कोतवाल कमल कुमार की टीम ने सुरागरसी करते हुए आज गुरप्रीत को छीने गए मोबाइल के साथ धर दबोचा। पुलिस पूछताछ में गुरप्रीत ने बताया कि वह नशे का आदी है और खानाबदोशों की तरह इधर-उधर घूमकर कबाड़ बीनने का काम करता है। वर्तमान में वह हरिद्वार में धोबीघाट पुल के नीचे रह रहा है। उसने स्वीकार किया कि अपने नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने मोबाइल छीना था। वह मोबाइल को बेचने और नशीला पदार्थ खरीदने के लिए एक देसी ठेके के पास आया था, लेकिन डील होने से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
