
ऋषिकेश
ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मायाकुंड में रहने वाली एक युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है। युवती के इस आत्मघाती कदम उठाने की जांच भी पुलिस ने शुरू कर दी है।
बता दे की ऋषिकेश कोतवाली पुलिस को आज सुबह राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश से सूचना मिली कि एक युवती जिसने फांसी लगाई है को मृत अवस्था में परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से जानकारी जुटाई। परिजनों ने बताया कि उनकी 18 वर्षीय बेटी नेहा रात को खाना खाकर सोई थी। सुबह उन्होंने कमरे में उसे फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा। आनन फानन में वह उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली से वरिष्ठ उप निरीक्षक भारत सिंह रावत ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के स्पष्ट कारण पता चल पाएंगे। डॉक्टरों की प्रथम रिपोर्ट के हिसाब से नेहा ने फांसी लगाई है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना भी किया है। कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और अपनी जांच को आगे बढ़ा रही है।
