
ऋषिकेश
तीर्थनगरी ऋषिकेश के निकट मुनिकीरेती क्षेत्र अंतर्गत गंगा किनारे बने प्रसिद्ध आस्था पथ पर उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब कुछ स्थानीय लड़कियों ने भगवा वस्त्र पहने एक व्यक्ति को सरेराह पकड़ लिया। लड़कियों का आरोप है कि उक्त व्यक्ति साधु के भेष में घूमकर बच्चों को पैसों और साइकिल का लालच दे रहा था और उन्हें अपने साथ चलने को कह रहा था। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
वायरल वीडियो गंगा रिसॉर्ट के समीप आस्था पथ का बताया जा रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक लड़की भगवा कपड़े पहने व्यक्ति का हाथ और कपड़ा पकड़कर चिल्ला रही है और उसे कहीं जाने नहीं दे रही है। लड़की वहां खड़े लोगों के सामने आक्रोशित होते हुए कहती है कि इसने मुझसे बोला कि पल्ली पार (दूसरी तरफ) चली चल, तुझे 1000 दूंगा, फिर बोला 1200 दूंगा और एक साइकिल भी दूंगा। लड़की ने यह भी आरोप लगाया कि वह व्यक्ति वहां मौजूद अन्य छोटी बच्चियों को भी बहलाने-फुसलाने की कोशिश कर रहा था।
लोगों का फूटा गुस्सा, व्यक्ति की हुई धुनाई
लड़कियों के शोर मचाने पर आस्था पथ पर टहल रहे स्थानीय लोग और पर्यटक मौके पर इकट्ठा हो गए। जब लोगों को मामले की गंभीरता और बच्चियों के आरोपों का पता चला, तो वहां मौजूद युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा। वीडियो में साफ़ दिख रहा है कि भीड़ में से कुछ युवकों ने उस व्यक्ति को पकड़ लिया। इस दौरान लोगों ने कहा कि भगवा पहनकर सनातन धर्म और साधुओं का नाम बदनाम कर रहे हो। विवाद बढ़ने पर वहां मौजूद कुछ लड़कों ने उस व्यक्ति की कॉलर पकड़ी और उसे थप्पड़ भी जड़े। हालांकि, कुछ लोगों ने बीच-बचाव करते हुए मामला शांत कराने और पुलिस को बुलाने की बात कही। इसके बाद वह व्यक्ति हाथ जोड़कर वहां से बचकर भागता हुआ नजर आया।
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय निवासियों और सोशल मीडिया यूजर्स में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि तीर्थनगरी और विशेषकर आस्था पथ जैसे पवित्र स्थान पर इस तरह की संदिग्ध गतिविधियां बेहद चिंताजनक हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि घाटों और आस्था पथ पर साधु के भेष में घूमने वाले संदिग्ध प्रवृत्तियों के लोगों का कड़ाई से सत्यापन किया जाए ताकि भविष्य में किसी बड़ी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
(नोट: इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस द्वारा मामले का संज्ञान लिए जाने की उम्मीद है।)
