
हरिद्वार
उत्तराखंड-यूपी बॉर्डर पर देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में एक शातिर बदमाश पुलिस की गोली का शिकार हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जंगलों में कांबिंग कर रही है।

🚨 चेकिंग के दौरान पुलिस पर झोंका फायर
पुलिस के मुताबिक देर रात बुग्गावाला थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ जोनल चेकिंग कर बंजारावाला की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने सीधे पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर झोंक दिया। पुलिसकर्मी इस हमले में बाल-बाल बच गए।

💥 जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
पुलिस ने खुद को संभालते हुए बदमाशों को ललकारा और आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। पुलिस की ओर से हुई फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर गया। वहीं, उसका दूसरा साथी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से रफूचक्कर हो गया। पकड़े गए घायल बदमाश की पहचान लुकमान पुत्र गुफरान) निवासी ग्राम गोकुलवाला, बुग्गावाला हरिद्वार के रूप में हुई है। बदमाश के पास से एक 315 बोर का तमंचा, 2 खोखा कारतूस, 2 जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। बरामद मोबाइल फोन बीती 9 जून को अमानतगढ़ फैक्ट्री में हुई फायरिंग की घटना के पीड़ित का है, जिससे इस गैंग के पुराने कारनामों का भी खुलासा हुआ है। फरार हुए दूसरे बदमाश का नाम गुलजार निवासी खेड़ीशिकोहपुर, भगवानपुर बताया जा रहा है। घायल बदमाश लुकमान को तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल रुड़की ले जाया गया है, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच उसका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। फरार गुलजार की गिरफ्तारी के लिए इलाके की घेराबंदी कर पुलिस टीम द्वारा सघन कांबिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
