
ऋषिकेश
देश में पैर पसार रहे ऑनलाइन दवा व्यापार के खिलाफ स्थानीय दवा विक्रेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। इसके विरोध में ऋषिकेश केमिस्ट एसोसिएशन ने प्रदेश व्यापी हड़ताल को अपना पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया है। इस निर्णय के तहत 20 मई को ऋषिकेश क्षेत्र के सभी मेडिकल स्टोर पूरी तरह से बंद रहेंगे। बता दे कि आज व्यापार सभा भवन में आयोजित एक बैठक में केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप मल्होत्रा ने सभी सदस्यों के साथ रणनीति तैयार की। बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि शहर के सभी 88 मेडिकल स्टोर इस हड़ताल के दौरान पूरी तरह बंद रखे जाएंगे और दवा विक्रेता अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन भी करेंगे।

संदीप मल्होत्रा ने बताया कि हड़ताल के दौरान आम जनता और मरीजों की दिक्कतों को ध्यान में रखा गया है। आकस्मिक परिस्थितियों के लिए कुछ चुनिंदा मेडिकल स्टोर खुले रखे जाएंगे, ताकि बेहद जरूरी होने पर दवाइयां उपलब्ध कराई जा सकें। संगठन के सदस्यों ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए अपनी आवश्यक दवाइयां आज ही खरीद कर रख लें। वरिष्ठ दवा विक्रेता विनोद कोठारी ने कहा कि ऑनलाइन दवा व्यापार के कारण पारंपरिक केमिस्टों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता को परेशान करने का कोई मकसद नहीं है। केवल अपनी वाजिब मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए मजबूरी में यह कदम उठाना पड़ रहा है। केमिस्ट एसोसिएशन ने इस बंद को सफल बनाने और अपनी लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए आम जनता से सहयोग की भावुक अपील की है।
बैठक में संदीप मल्होत्रा के अलावा विनोद कोठारी, वीरभद्र रतूड़ी, गोपाल नारंग, प्रेम नौटियाल, अनूप अग्रवाल, यशपाल पवार ,दिनेश कोठारी, देवेंद्र कौर, राकेश गोसाई, मायाराम पैन्यूली, राजेश रावल,दीपक भट्ट, रोहित कोठारी, कृष्ण कुमार चावला ,सौम्यक जैन, विकास उनियाल, गौरव गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
