
देहरादून
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चन्द्र खण्डूड़ी के आकस्मिक निधन के बाद पूरे राज्य में शोक की लहर है। उत्तराखंड सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री के सम्मान में प्रदेश में तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। इस संबंध में माध्यमिक एवं प्रारम्भिक शिक्षा निदेशालय द्वारा राज्य के सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, दिनांक 19 मई 2026 से 21 मई 2026 तक तीन दिनों के राजकीय शोक के दौरान प्रदेश के सभी जनपदों के सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। इसके साथ ही इस अवधि में किसी भी प्रकार के शासकीय मनोरंजन के कार्यक्रमों का आयोजन नहीं किया जाएगा। निदेशक माध्यमिक एवं प्रारम्भिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती द्वारा जारी पत्र के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री के सम्मान में दिनांक 20 मई 2026 को उनकी अन्त्येष्टि के दिन राज्य सरकार के सभी कार्यालय बंद रहेंगे। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि इसके अंतर्गत राज्य के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी शैक्षणिक संस्थानों और संबंधित कार्यालयों में पूरी तरह अवकाश रहेगा। आदेश में साफ कहा गया है कि शासन द्वारा जारी इन निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। इस आदेश की प्रतिलिपि महानिदेशक (विद्यालयी शिक्षा), मण्डलीय अपर निदेशक (गढ़वाल/कुमाऊँ मण्डल), सचिव (उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर) सहित राज्य के सभी खण्ड और उप शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही और सख्त निगरानी के लिए भेज दी गई है ताकि कल किसी भी जिले में नियमों का उल्लंघन न हो।
