
ऋषिकेश
उत्तराखंड मित्र पुलिस ने एक बार फिर अपनी ईमानदारी और मुस्तैदी से देवभूमि आने वाले तीर्थयात्रियों का दिल जीत लिया है। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने मस्कट ओमान से चारधाम यात्रा पर आए एक एनआरआई बुजुर्ग की खोए सोने-हीरे के आभूषण और नकदी चंद घंटों में ढूंढकर उन्हें सुरक्षित सौंप दी। अपना कीमती सामान वापस पाकर पीड़ित भावुक हो गए और उन्होंने ऋषिकेश पुलिस की प्रशंसा की। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से भुज गुजरात के रहने वाले और वर्तमान में मस्कट ओमान निवासी 74 वर्षीय बुजुर्ग दिनेश बेलजी पवानी इन दिनों चारधाम यात्रा पर आए हुए हैं। ऋषिकेश प्रवास के दौरान त्रिवेणी घाट क्षेत्र में उनका एक बैग अचानक कहीं गिर गया। इस बैग में दो सोने की अंगूठियां, तीन हीरे की अंगूठियां और 10 हजार की नकदी मौजूद थी। कीमती सामान और नकदी खोने की सूचना जैसे ही कोतवाली ऋषिकेश पुलिस को मिली, पुलिस टीम तुरंत एक्शन में आई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और कड़ी मशक्कत के बाद उक्त सारा सामान सुरक्षित रूप से बरामद कर लिया गया। कोतवाली ऋषिकेश में पुलिस टीम ने पीड़ित दिनेश बेलजी पवानी को बुलाकर उनका पूरा सामान सोने-हीरे की अंगूठियां और कैश उनके सुपुर्द किया। विदेशी धरती पर रहने वाले बुजुर्ग यात्री ने जब अपनी गाढ़ी कमाई का सामान सुरक्षित वापस पाया, तो उनके चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई। उन्होंने ऋषिकेश पुलिस की ईमानदारी और तत्परता की सराहना करते हुए पूरी टीम का सहृदय आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पुलिस सचमुच मित्र पुलिस है। इतनी भीड़भाड़ वाली जगह पर खोया हुआ सामान ढूंढ निकालना किसी चमत्कार से कम नहीं है। वह ऋषिकेश पुलिस का जीवनभर आभारी रहेंगे।
