
ऋषिकेश
तीर्थनगरी ऋषिकेश के निकट लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। शनिवार शाम लगभग 4 बजे, हिल्टन रैपिड के पास नहाते समय एक 20 वर्षीय युवक गंगा के तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की डीप डाइविंग टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में व्यापक सर्च अभियान शुरू किया। मिली जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान हर्षित उपाध्याय 20 वर्ष के रूप में हुई है। जो ग्राम सीमा रिस्टना, भीकियासैन, जनपद अल्मोड़ा का निवासी है। हर्षित पास ही स्थित सीता राम आश्रम में कथा सुनने के लिए आया हुआ था। शाम के समय वह अपने एक साथी के साथ नहाने के लिए गंगा में चला गया। एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवान ने बताया कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ वह प्रतिबंधित घाट है। नहाने के दौरान अचानक गंगा के तेज बहाव और रैपिड की चपेट में आने से हर्षित अनियंत्रित होकर बह गया। युवक के पास मिले परिचय पत्र के अनुसार, वह मथुरा (उत्तर प्रदेश) स्थित श्रीरंगलक्ष्मी आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, श्रीधाम वृंदावन का छात्र है। फिलहाल टीम द्वारा सभी संभावित स्थानों पर युवक की खोजबीन की जा रही है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक युवक का कुछ पता नहीं चल पाया है। SDRF और स्थानीय पुलिस प्रशासन ने आमजन और पर्यटकों से बार-बार अपील की है कि वे नदी किनारे और विशेषकर रैपिड क्षेत्रों में अत्यधिक सावधानी बरतें। प्रतिबंधित क्षेत्रों में जलक्रीड़ा न करें और सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करें ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
