
ऋषिकेश
एसएसपी देहरादून के निर्देशन में पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। ऋषिकेश पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त आदतन महिला तस्कर रेखा साहनी को ‘पिट एनडीपीएस एक्ट 1988 (संशोधित)’ के तहत जिला कारागार सुद्धोवाला में निरुद्ध कर दिया है। इससे पूर्व भी पुलिस द्वारा जनपद के कुख्यात नशा तस्कर गुरुचरण के विरुद्ध पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई की जा चुकी है, जो नशे के सौदागरों पर पुलिस की कठोर नीति को दर्शाता है।
लगातार शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई
ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत न्यू त्रिवेणी कॉलोनी निवासी रेखा साहनी के विरुद्ध कोतवाली में मादक पदार्थों और अवैध शराब तस्करी के कई मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं। पूर्व में जेल जाने के बावजूद वह लगातार इस अवैध धंधे में लिप्त थी। इसकी पुनरावृत्ति को देखते हुए SSP देहरादून द्वारा तस्कर के विरुद्ध पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पुलिस की मजबूत पैरवी के बाद शासन द्वारा निरुद्ध किए जाने के आदेश जारी किए गए, जिसके तहत आज (30 अप्रैल 2026) यह कार्रवाई अमल में लाई गई।
अवैध संपत्ति की होगी जब्तीकरण कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, रेखा साहनी द्वारा नशा तस्करी के जरिए अर्जित की गई अवैध संपत्ति को भी चिन्हित किया जा रहा है और जल्द ही नियमानुसार संपत्ति के जब्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी। दून पुलिस ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
