
ऋषिकेश
शहर के भरत मंदिर इंटर कॉलेज के निकट स्थित श्री शिर्डी साई धाम मंदिर में गुरुवार को मासिक आयोजन के तहत एक भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। महीने के आखिरी गुरुवार को होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर बाबा का आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में शहर के प्रसिद्ध भजन गायक ज्योति शर्मा ने अपनी सुरीली आवाज से समां बांधा।

उनके साथ-साथ वैष्णवी साजन और अन्य गायकों ने भी एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। गायकों द्वारा गाए गए भजनों की धुन पर भक्त भक्ति के सागर में डूबकर झूमते हुए नजर आए। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर “ॐ साईं राम” के जयकारों से गूंज उठा। आयोजन के मुख्य आकर्षण के रूप में ‘हांडी कार्यक्रम’ रखा गया। इसमें सभी भक्तों ने अपने-अपने घरों से विशेष रूप से पकाकर लाया हुआ भोजन बाबा को अर्पित किया।

भोग लगाने के पश्चात बाबा की आरती की गई। इसके बाद उपस्थित सभी भक्तों ने हांडी प्रसाद ग्रहण किया। बता दे कि इस कार्यक्रम में सभी गायको और अतिथियों को मंदिर परिवार से जुड़े अशोक थापा, ओमप्रकाश मुल्तानी, दिनेश शर्मा और अन्य सदस्यों ने बाबा के नाम का सटका पहनाकर सम्मानित किया।
