
चमोली
उत्तराखंड के चमोली जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां मात्र 10 हजार रुपये के लेनदेन के विवाद में एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई और साक्ष्य छुपाने के लिए शव के हाथ-पैर बांधकर उसे नदी में फेंक दिया गया। चमोली पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी चमोली सुरजीत पवार ने बताया कि 10 मार्च को लंगासू पुलिस चौकी के पास अलकनंदा नदी में एक अज्ञात शव बहता हुआ मिला था। मृतक के हाथ पर सूरज पुरोहित नाम लिखा था। जिससे उसकी पहचान बमोथ गांव निवासी सूरज के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि सूरज नंदप्रयाग में नरेंद्र तोपाल के होटल में काम करता था। नरेंद्र तोपाल ने सूरज से 10 हजार रुपये उधार लिए थे। इस रकम को वापस करने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। 16 फरवरी को विवाद इतना बढ़ा कि नरेंद्र ने नंदप्रयाग स्थित एक कमरे में सूरज के सिर पर भारी प्रहार किया, जिससे वह बेहोश हो गया। आरोपी ने बेहोशी की हालत में ही सूरज को एक सफेद रंग के बड़े बोरे में बांधा और उसे अलकनंदा नदी में फेंक दिया। सूरज की पत्नी ने 23 मार्च को कर्णप्रयाग थाने में तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी नरेंद्र तोपाल को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त कार को भी बरामद कर सीज कर दिया है। पुलिस टीम की इस त्वरित कार्रवाई और सफलता पर आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने टीम को 5,000 रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है।
