
ऋषिकेश
विकास कार्यों की शृंखला को आगे बढ़ाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के खांड गांव में मुख्य मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्य का भव्य लोकार्पण किया। सांसद निधि से करीब 11.89 लाख रुपये की लागत से बनी इस सड़क से स्थानीय निवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई है। लोकार्पण के दौरान सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने क्षेत्रवासियों को बड़ी खुशखबरी दी।

उन्होंने बताया कि खांड गांव को राजस्व ग्राम घोषित करने की प्रक्रिया शासन स्तर पर अपने अंतिम चरण में है। जल्द ही क्षेत्रवासियों को इसका लाभ मिलेगा, जिससे मतदान अधिकार और अन्य बुनियादी सुविधाएं स्थायी रूप से सुनिश्चित हो सकेंगी। कहा कि उनकी प्राथमिकता हर बस्ती तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है ताकि कोई भी क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से पीछे न छूटे। मौके पर पूर्व मेयर अनिता ममगाई ने क्षेत्र वासियों के साथ मिलकर पहाड़ी परंपरा के अनुसार ढोल-दमाऊ और बैंड-बाजों के साथ सांसद का जोरदार स्वागत किया।

अनिता ममगाईं ने सांसद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से लिया है। साथ ही उन्होंने खांड गाँव की अन्य आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए भी सांसद से सहयोग की अपील की है। कार्यक्रम का संचालन पंकज शर्मा ने किया। इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री संदीप गुप्ता, ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, यमकेश्वर ब्लॉक प्रमुख पति संजीव चौहान, पूर्व जिला अध्यक्ष रविन्द्र राणा, हरिद्वार प्रभारी दीपक धमीजा सहित पार्षद राजेश कोठियाल, विजय बडोनी, विपिन पंत, बिरेन्द्र रमोला और भारी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।

