
देहरादून
राजधानी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में एक बदमाश मारा गया। इस दौरान बदमाशों की गोली लगने से प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर और लूट का शिकार हुआ पीड़ित घायल हो गए हैं। पुलिस अन्य फरार बदमाशों की तलाश में जंगलों में कॉम्बिंग कर रही है। घटना मध्यरात्रि की है। कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने देवराज नाम के व्यक्ति से तमंचे के बल पर 2 लाख नकदी, मोबाइल और महत्वपूर्ण दस्तावेज लूट लिए हैं। विरोध करने पर बदमाशों ने देवराज को गोली मार दी और काले रंग की गुजरात नंबर की कार से विश्रांति की ओर फरार हो गए। सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल देवराज को साथ लेकर बदमाशों का पीछा किया। पीछा करते समय पुलिस को जंगल की ओर जाती संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस को पास आता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की एक गोली थाना प्रभारी नरेश राठौर को जा लगी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में भाग निकले। मुठभेड़ के बाद घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और थाना प्रभारी को तत्काल प्राथमिक चिकित्सालय प्रेमनगर ले जाया गया, जहाँ से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जिला चिकित्सालय कोरोनेशन में उपचार के दौरान घायल बदमाश की मृत्यु हो गई है। मृतक बदमाश की शिनाख्त और उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी रात में ही घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। एसएसपी ने घायल थाना प्रभारी और पीड़ित का हाल जाना और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। पूरे जनपद में नाकाबंदी कर दी गई है। जिले के सभी प्रवेश द्वारों और बैरियरों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। फरार बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें जंगलों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
