
हरिद्वार
थाना बहादराबाद पुलिस ने राजवीर हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या की वजह मृतक की शादीशुदा बेटी से एक आरोपी का प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। एसएसपी नवनीत सिंह ने प्रेस वार्ता कर बताया कि आरोपी पंकज मृतक की बेटी का तलाक करवाकर उससे शादी करना चाहता था, जिसमें राजवीर बाधक बन रहा था।
खेत में ले जाकर हथौड़े से किया वार
पुलिस के अनुसार, आरोपी पंकज और मृतक राजवीर सिडकुल की अलग-अलग कंपनियों में साथ काम करते थे और पहले से परिचित थे। 26 अप्रैल की शाम पंकज अपने साथी छोटेलाल के साथ राजवीर को शराब पिलाने के बहाने बौंगला अंडरपास के पास एक खेत में ले गया। वहां नशे की हालत में आरोपियों ने राजवीर के सिर पर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
ऐसे पकड़ में आए आरोपी
27 अप्रैल की सुबह डायल 112 के माध्यम से पुलिस को शव की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर मिली फील्ड यूनिट की रिपोर्ट और डिजिटल एविडेंस CCTV व मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने तफ्तीश शुरू की। जांच के दौरान एक संदिग्ध मोबाइल नंबर के जरिए पुलिस टीम कलियर रोड स्थित लकी हॉस्पिटल के पास पहुंची, जहां से आरोपी पंकज को धर दबोचा गया। पंकज की निशानदेही पर उसके साथी छोटेलाल को भी नहर पटरी मार्ग से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा, घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल,बमृतक का मोबाइल, पर्स, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और पहचान पत्र बरामद किया है। एसएसपी हरिद्वार ने इस ‘ब्लाइंड मर्डर केस’ को चंद घंटों में सुलझाने वाली टीम की पीठ थपथपाई है। इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, उ.नि. मनोज गौरोला, सीआईयू हरिद्वार और फील्ड यूनिट की मुख्य भूमिका रही। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
पंकज कुमार (26 वर्ष), निवासी रोशनाबाद, हरिद्वार।
छोटे लाल (36 वर्ष), निवासी सीतापुर, ज्वालापुर (मूल निवासी सीतापुर, यूपी।
