
ऋषिकेश
आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में मेधावी छात्र छात्राओं के सम्मान में ‘अभिनंदन समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का मान बढ़ाने वाले ‘टॉप 10’ छात्र-छात्राओं को विद्यालय परिवार द्वारा सम्मानित किया गया। समारोह का मुख्य आकर्षण छात्रा सृष्टि रतूड़ी रहीं। जिन्होंने हिंदी विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर अपनी विलक्षण प्रतिभा का परिचय दिया। इस अभूतपूर्व सफलता के लिए प्रधानाचार्य उमाकांत पंत एवं रजनी गर्ग ने संयुक्त रूप से उन्हें 1100 रुपए की नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान की।कार्यक्रम में उन 7 मेधावियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया जिन्होंने उत्तराखंड राज्य की मेरिट सूची में स्थान बनाकर ऋषिकेश का नाम रोशन किया है। कुल 10 छात्र-छात्राओं को मंच पर माला पहनाकर उनके उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया गया। विद्यार्थियों की सफलता के पीछे उनके मार्गदर्शकों की भूमिका को सराहते हुए सभी कक्षा शिक्षकों और विषयाचार्यों को भी पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य उमाकांत पंत ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम, शिक्षकों के सटीक मार्गदर्शन और अभिभावकों के अटूट सहयोग का संगम है। ये ‘चमकते सितारे’ भविष्य के राष्ट्र निर्माता हैं। हमारा विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों के सिंचन के लिए सदैव संकल्पबद्ध है।
राज्य मेरिट: विद्यालय के 7 छात्रों ने प्रदेश की मेरिट सूची में जगह बनाई। इस अवसर पर विद्यालय का वातावरण अत्यंत हर्षोल्लास पूर्ण रहा। प्रधानाचार्य ने विश्वास जताया कि ये विद्यार्थी आने वाले समय में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उच्चतम शिखर को प्राप्त करेंगे।
