
रुद्रप्रयाग
चारधाम यात्रा के दौरान सक्रिय नशा तस्करों के विरुद्ध रुद्रप्रयाग पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसपी निहारिका तोमर के कड़े रुख के बाद जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। एसपी ने बताया कि एसओजी प्रभारी रंजीत खनेड़ा के नेतृत्व में टीम वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध अल्टो कार को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो पुलिस टीम दंग रह गई। कार के भीतर छिपाकर रखी गई 11 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने मौके दे श्रवण कुमार निवासी श्रीनगर को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला है कि आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास है और वह पहले भी आबकारी अधिनियम में जेल जा चुका है। एसपी निहारिका तोमर ने बताया कि चारधाम यात्रा को देखते हुए जनपद में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है। कुछ अपराधी इस भ्रम में हैं कि पुलिस यात्रा व्यवस्था में व्यस्त है, जिसका फायदा उठाकर वे अवैध धंधे कर लेंगे, तो वह स्पष्ट कर देना चाहती है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का ‘जीरो टॉलरेंस’ का अभियान जारी रहेगा। यात्रा की आड़ में कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। यह गिरफ्तारी तो बस शुरुआत है, आने वाले दिनों में ऐसी गतिविधियों पर प्रहार और तेज होगा। रुद्रप्रयाग पुलिस की इस मुस्तैदी से साफ है कि यात्रा मार्ग पर अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
