
ऋषिकेश
तीर्थनगरी के एम्स रोड स्थित बाबा काली कमली के बगीचे में मंगलवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। झाड़ियों से उठी आग की लपटों ने देखते ही देखते फैलना शुरू कर दिया। जिससे सड़क पर चल रहे राहगीरों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और एक बड़े हादसे को होने से रोक लिया। जानकारी के अनुसार, रात करीब 8 बजे पुलिस को सूचना मिली कि बाबा काली कमली के बगीचे में मौजूद सूखी झाड़ियों और पत्तों में आग लग गई है। गर्मी के कारण सूखे पत्तों ने तेजी से आग पकड़ी और लपटें फैलने लगीं। सूचना मिलते ही सबसे पहले एम्स चौकी की चीता पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। दमकल कर्मी अपने वाहनों और उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और मोर्चा संभाला।

फायर कर्मियों की मुस्तैदी के कारण आग को बगीचे के बाकी हिस्सों में फैलने से पहले ही बुझा दिया गया। एफएसओ ने बताया कि जिस स्थान पर आग लगी, उसके बेहद करीब बाबा काली कमली वालों का कार्यालय स्थित है। इसके अलावा परिसर में लिप्टिस और कई फलदार पेड़ भी मौजूद हैं। यदि समय रहते आग पर काबू न पाया जाता, तो कार्यालय और कीमती पेड़ इसकी चपेट में आ सकते थे। गर्मियों के मौसम में छोटी सी चिंगारी भी बेहद खतरनाक साबित हो सकती है। टीम ने समय रहते आग को बुझा दिया। जिससे कार्यालय और सूखे पेड़ों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। हालांकि, बगीचे की झाड़ियों में यह आग अचानक कैसे लगी, यह अभी भी रहस्य बना हुआ है। फायर ब्रिगेड और पुलिस प्रशासन आग लगने के कारणों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह किसी की लापरवाही थी या इसके पीछे कोई अन्य संदिग्ध कारण।
