
ऋषिकेश
15 फरवरी को महाशिवरात्रि के मौके पर नीलकंठ में उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। जनपद पौड़ी के लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र अंतर्गत नीलकंठ पैदल और मोटर मार्ग का पुलिस ने निरीक्षण कर लिया है। जगह-जगह पार्किंग की व्यवस्था को बना दिया गया है। इसके अलावा सुरक्षा की दृष्टि से 150 अतिरिक्त पुलिस कर्मियों और दो कंपनी पीएसी की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं को मंदिर में जलाभिषेक के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए मंदिर प्रबंधन ने भी अपनी व्यवस्थाएं पूरी कर ली है। ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ मधुर व्यवहार करने और उन्हें सही मार्गदर्शन करने के लिए निर्देशित किया गया है। इस संबंध में सीओ श्रीनगर अनुज कुमार ने पुलिस कर्मियों को ब्रीफ कर ड्यूटी पॉइंट पर भी रवाना कर दिया है। सीओ ने बताया कि पुलिस कर्मियों को हर तरीके से संयमित रहने और ड्यूटी के दौरान लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए हैं। बताया कि जरूरत पड़ने पर क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए रूट प्लान भी लागू किया जाएगा। पुलिस ने श्रद्धालुओं से ट्रैफिक नियमों का पालन कर नीलकंठ मंदिर आने और पुलिस के बताएं निर्देशों के तहत वाहनों को पार्किंग में खड़ा करने की अपील की है।
