
ऋषिकेश
तीर्थनगरी ऋषिकेश के श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में आज स्पर्श गंगा अभियान के तहत स्वच्छता संकल्प, कला प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्पर्श गंगा अभियान की राष्ट्रीय संयोजिका और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ की पुत्री डॉ. आरुषि निशंक ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर टीम के सदस्यों ने डॉ. आरुषि निशंक का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने कॉलेज परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर सफाई की और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। आयोजन के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा दी गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। विशेष रूप से गढ़वाली गीतों पर आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति को संजोने और बचाने का आह्वान किया गया।

साथ ही कला प्रतियोगिता के जरिए बच्चों ने पर्यावरण के प्रति अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से उकेरा। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार देकर हौसला अफजाई की गई। लोगों को संबोधित करते हुए डॉ. आरुषि निशंक ने कहा कि स्पर्श गंगा अभियान की शुरुआत डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक द्वारा की गई थी। जिसे आज हम निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। इस अभियान का मूल उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और मां गंगा की निर्मलता व पवित्रता के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और गंगा की सेवा व पर्यावरण रक्षा में अपना बहुमूल्य योगदान दें।
