
ऋषिकेश
तीर्थनगरी की कृषि उत्पादन मंडी समिति में सोमवार सुबह टप्पेबाजों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक फल आढ़ती की दुकान से नकदी से भरा बैग साफ कर दिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार अंबिका प्रसाद गुप्ता मंडी परिसर में फलों की थोक दुकान चलाते हैं। सोमवार सुबह करीब 8 बजे जब वह फुटकर विक्रेताओं को फल बेचने में व्यस्त थे। उसी दौरान दो अज्ञात टप्पेबाज दुकान पर पहुंचे। मंडी में सुबह की भारी भीड़ का फायदा उठाते हुए शातिरों ने गल्ले के पास रखा बैग उठा लिया और रफूचक्कर हो गए। कुछ देर बाद बाग दिखाई नहीं दिया तो उन्होंने सीसीटीवी को देखा। फुटेज में दो संदिग्ध बैग उठाते हुए दिखाई दिये। पीड़ित के मुताबिक बैग में करीब 50 हजार रुपये रखे थे। मंडी जैसे व्यस्त परिसर में दिनदहाड़े हुई इस टप्पेबाजी से अन्य व्यापारियों में डर का माहौल है। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है। आईडीपीएल चौकी प्रभारी विनय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर किया जाएगा।
