
ऋषिकेश
उत्तराखंड सरकार के बाद अब सामाजिक संस्थाएं भी गरीब महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए आगे आई हैं। आज श्यामपुर क्षेत्र की 10 महिलाओं को प्रयत्न और समूण फाउंडेशन ने एक कंपनी के सीएसआर फंड से 8 लाख रुपए खर्च कर फूड ई कार्ट वितरित किये है। इन फूड ई कार्ट से महिलाएं स्वरोजगार करेगी और आत्मनिर्भर बनेगी। बता दे कि फूड ई कार्ट वितरित करने के लिए श्यामपुर में महिला उद्यम संवर्धन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल और एफडीए उत्तराखंड के डिप्टी कमिश्नर गणेश कंडवाल पहुंचे। उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सामाजिक संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। कहा कि वर्तमान में सरकार जहां लोगों को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रयास कर रही है। वहीं सामाजिक संस्थाओं का यह प्रयास समाज को नई दिशा और दशा देने का काम करेगा। बताया कि महिलाओं को फूड रोजगार का प्रशिक्षण भी दिया गया है। जिसमें उन्हें बताया गया कि किस प्रकार से उत्तम क्वालिटी का भोजन बनाया जाता है। किस प्रकार से ग्राहक से बात करनी है और रोजगार करते समय वैंडर का क्या पहनावा होना चाहिए। इससे संबंधित प्रमाण पत्र भी महिलाओं को दिए गए हैं। रोजगार के लिए ई कार्ट मिलने पर महिलाएं काफी खुश नजर आई है। कार्यक्रम में प्रयत्न संस्था के अध्यक्ष प्रतीक कुमार, समूण फाउंडेशन के कमल जोशी और तमाम सदस्य उपस्थित रहे। बता दे कि इससे पहले नोएडा में भी इसी प्रकार से सैकड़ों ई कार्ट निर्धन महिलाओं को देकर स्वरोजगार से जोड़ा गया है।
