
कालसी क्षेत्र में हिमाचल परिवहन निगम की बस खाई में गिरी। दो महिलाओं सहित तीन की मौत।
देहरादून
जनपद देहरादून के कालसी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। हिमाचल परिवहन निगम की बस मिनाक रोड पर अनियंत्रित होकर खाई में गिरी है। घटना में दो महिलाओं सहित 3 लोगों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई है। जबकि रेस्क्यू कर बाहर निकाले गए सात गंभीर घायलों को विकास नगर के अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया है। बस में 36 यात्रियों के होने का अंदाजा बताया गया है। रेस्क्यू पूरा होने के बाद बस सवार यात्रियों की संख्या सटीक पता चल पाएगी। फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर तेज गति से रेस्क्यू चलाने में लगी है। जिससे ज्यादा से ज्यादा यात्रियों की जान बचाई जा सके।
एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवान के मुताबिक घटना 3 फरवरी की दोपहर करीब 10:30 बजे हुई। सूचना पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से मिली तो पुलिस और एसडीआरएफ एंबुलेंस के साथ घटनास्थल की ओर दौड़े। देखा कि बस करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरी हुई है और बस में यात्री जान बचाने के लिए चींख रहे हैं। तत्काल सुरक्षा उपकरणों के साथ रेस्क्यू शुरू करते हुए एसडीआरएफ के जवान खाई में उतरे और एक-एक करके बस सवार यात्रियों को बाहर निकलना शुरू किया। इस दौरान दो महिलाओं सहित 3 के शव एसडीआरएफ की टीम ने बरामद किए। सात गंभीर घायलों को एंबुलेंस से उपचार के लिए विकास नगर के अस्पताल भेजा गया है। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का काम तेजी से किया जा रहा है। बस दुर्घटनाग्रस्त कैसे हुई इसकी जांच पुलिस कर रही है। यह बस नेरवा से यात्रियों को लेकर पोंटा साहिब जा रही थी। जनपद देहरादून के पुलिस कप्तान अजय सिंह ने बताया कि बस दुर्घटना में मृतकों की पहचान हो गई है। जिसमें 46 वर्षीय यासमीन बेगम पत्नी नेक मोहम्मद निवासी नेरवा, 30 वर्षीय रिचा पत्नी वीरेंद्र सिंह निवासी नेरवा, धन बहादुर निवासी नेरवा, के रूप में हुई है।
