
ऋषिकेश देहरादून हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा। काल बनकर दौड़े ट्रक ने स्कूटी को मारी टक्कर। एक युवक की मौत दूसरा घायल।
ऋषिकेश
ऋषिकेश देहरादून हाईवे पर काली मंदिर और सात मोड़ के बीच देहरादून से ऋषिकेश की ओर आ रहे एक ट्रक ने आगे चल रही स्कूटी को टक्कर मार दी। घटना में स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और स्कूटी सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनको एंबुलेंस से जॉली ग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामले में अग्रिम जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है। ऋषिकेश कोतवाली के एएसआई मनीष पवार ने बताया कि मृतक की पहचान 19 वर्षीय नीतिश शर्मा पुत्र शुभम शरण निवासी ग्राम मंसारिया कुशीनगर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। जबकि घायल की पहचान 19 वर्षीय आदित्य राज पुत्र आकाश मिश्रा निवासी ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई है। दोनों युवक देहरादून के एक इंस्टिट्यूट में कोचिंग ले रहे थे। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। हादसा रविवार की दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल ट्रक का ड्राइवर मौके से फरार हो गया है। जिसकी तलाश की जा रही है। घटना में अभी किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
