
ऋषिकेश
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर 24-ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने अपनी चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में श्यामपुर में कांग्रेस पार्टी के संभावित टिकट दावेदारों और वरिष्ठ नेताओं की एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. के.एस. राणा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सभी दावेदारों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि पार्टी हाईकमान जिसे भी टिकट देगा, अन्य सभी नेता आपसी मतभेद भुलाकर उसकी जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर कार्य करेंगे। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि एक शिष्टमंडल जल्द ही प्रदेश व राष्ट्रीय शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर ऋषिकेश विधानसभा की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों से उन्हें अवगत कराएगा।
बैठक में नेताओं के प्रमुख वक्तव्य
कार्यकर्ताओं का संशय होगा दूर: पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवान और उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष विजय सारस्वत ने कहा कि लगातार मिल रही हार के कारण कार्यकर्ताओं में जो संशय बना हुआ है, उसे इस बार हर हाल में समाप्त किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी जिस भी चेहरे पर दांव लगाएगी, सभी वरिष्ठ नेता पूरी जिम्मेदारी से उसे जिताने के लिए मैदान में उतरेंगे।

एकजुटता से खत्म होगा हार का सूखा: पूर्व विधायक प्रत्याशी व पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष राजपाल खरोला और बैठक की अध्यक्षता कर रहे डॉ. के.एस. राणा ने कहा कि यदि सभी नेता एकजुट होकर चुनाव लड़ते हैं, तो कांग्रेस की जीत निश्चित है और ऋषिकेश विधानसभा में लंबे समय से चला आ रहा जीत का सूखा जल्द समाप्त होगा।
माहौल बनाने की जिम्मेदारी सबकी: सेवादल के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय सचिव राम विलास रावत और मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष जय सिंह रावत ने कहा कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में लहर है, लेकिन ऋषिकेश क्षेत्र में पार्टी के पक्ष में माहौल तैयार करना हम सभी नेताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सही प्रत्याशी चयन से मिलेगी जीत: प्रदेश कांग्रेस महासचिव व पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दीप शर्मा तथा पूर्व प्रदेश सचिव व पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य भगवती प्रसाद सेमवाल ने इस बात पर जोर दिया कि यदि ऋषिकेश में प्रत्याशी का चयन सही तरीके से किया गया, तो कांग्रेस की जीत को कोई नहीं रोक सकता।
शीर्ष नेतृत्व को दी जाएगी वस्तुस्थिति की जानकारी: प्रदेश कांग्रेस सचिव सोहन लाल रतूड़ी और पूर्व टैक्सी यूनियन अध्यक्ष व उत्तराखंड प्रदेश गरीब बेघर जन कांग्रेस के संयोजक विजयपाल रावत ने जानकारी दी कि यह शिष्टमंडल प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ राष्ट्रीय नेताओं से भी मुलाकात करेगा और विधानसभा क्षेत्र की जमीनी हकीकत से उन्हें अवगत कराएगा।
बैठक के अंत में पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष विनय सारस्वत ने उपस्थित सभी नेताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि ये सभी वरिष्ठ नेता और दावेदार इसी तरह एकजुट होकर किसी एक प्रत्याशी को चुनाव लड़ाते हैं, तो ऋषिकेश से कांग्रेस का विधायक बनना तय है।
