
हरिद्वार
आगामी कुंभ मेला-2027 के सफल और सुरक्षित आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) प्रशासन ए.पी. अंशुमान ने पुलिस लाइन ऋषिकुल कुंभ मेला-27 का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह के दौरान एडीजी ए.पी. अंशुमान ने सर्वप्रथम सलामी ली, जिसके पश्चात रिबन काटकर और विधिवत पूजा-अर्चना कर पुलिस लाइन का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने संपूर्ण पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण किया और वहां तैनात होने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के ठहरने की व्यवस्थाओं का जमीनी स्तर पर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने टेंटेज में निर्मित बैरकों, अस्थाई जीडी कार्यालय, कैश कार्यालय सहित अन्य प्रशासनिक कार्यालयों का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अभिलेखों की जांच कर अधीनस्थों को

आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस जवानों की ब्रीफिंग के दौरान पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल एवं समस्त पुलिस बल द्वारा की जा रही तैयारियों और मेहनत की जानकारी एडीजी को दी। साथ ही, उन्होंने मुख्यालय स्तर से मिल रहे निरंतर सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया। ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए एडीजी प्रशासन ए.पी. अंशुमान ने क्राउड मैनेजमेंट (भीड़ प्रबंधन), ट्रैफिक चुनौतियों, सुरक्षा व्यवस्था और फायर सर्विस प्लान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को एक टीम के रूप में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि कुंभ एक विशाल धार्मिक आयोजन है, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है। ऐसे में प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को न केवल अपने निर्धारित ड्यूटी पॉइंट, बल्कि संपूर्ण कुंभ क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और आध्यात्मिक महत्व की भी पूरी जानकारी होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सहायता प्रदान की जा सके।
