
ऋषिकेश
ऋषिकेश के कोयल घाटी क्षेत्र में देर रात एक तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालक ने सड़क किनारे खड़ी गन्ने की दो ठेलियों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों ठेलियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि टक्कर से कार भी काफी हद तक दुर्घटनाग्रस्त हुई है। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। जानकारी के अनुसार यह घटना आधी रात के आसपास हुई। टक्कर के बाद संबंधित कार घटनास्थल से कुछ दूरी पर खड़ी पाई गई। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है।

जिसके आधार पर हादसे के कारणों और वाहन चालक की पहचान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। घटना की सूचना मिलते ही ठेली संचालक मौके पर पहुंचे और अपनी ठेलियों की हालत देख आक्रोश जताया। संचालकों का कहना है कि उनकी रोजी-रोटी का साधन पूरी तरह टूट गया है। फिलहाल प्रभावित संचालक नुकसान की भरपाई और मुआवजे की मांग को लेकर घटनास्थल पर डटे हुए हैं। वहीं, इस घटना ने क्षेत्र में रात के समय तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के वक्त बेलगाम वाहनों पर सख्त निगरानी जरूरी है जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों और किसी की जान-माल को खतरा न पहुंचे।
