
ऋषिकेश
ऋषिकेश के समीप शिवपुरी क्षेत्र में रविवार सुबह गंगा में नहाने के दौरान राजस्थान जयपुर निवासी एक युवक और एक युवती तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए। लापता युवक राजस्थान सरकार के विद्युत विभाग में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और डीप डाइवर्स की मदद से गंगा में तलाशी अभियान शुरू किया। फिलहाल युवक और युवती का कुछ पता नहीं चला है। मुनिकीरेती पुलिस और एसडीआरएफ के मुताबिक जयपुर से चार पर्यटक घूमने के लिए बीते रोज शिवपुरी पहुंचे। यहां वह एक कैंप में रुके। रविवार सुबह लवेश साटीवाल और चेतना मीणा राजकुमार मीणा और उनकी पत्नी को बिना बताए सुबह की सैर के लिए निकल गए। दोनों शिवपुरी में गंगा तट पर पहुंचे और गंगा में नहाने उतर गए। इस दौरान उन्होंने कॉल कर साथियों को भी गंगा किनारे बुलाया। जब राजकुमार मीणा मौके पर पहुंचे तो दोनों वहां से गायब मिले। गंगा किनारे केवल उनके कपड़े और मोबाइल रखे मिले। अनहोनी की आशंका को देखते हुए उन्होंने पुलिस को सूचना दी। एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि गंगा के निचले हिस्सों में लगातार खोजबीन की जा रही है। लेकिन अभी तक दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
