ऋषिकेश
चमोली जनपद के सिमली में बेस अस्पताल की स्थापना की मांग को लेकर बेस अस्पताल संघर्ष समिति सिमली के बैनर तले निकाली जा रही पदयात्रा ऋषिकेश पहुंची। स्थानीय जनता के भारी समर्थन के साथ आगे बढ़ रही यह पदयात्रा 20 अक्टूबर को देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री कार्यालय का घेराव करेगी। संघर्ष समिति के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी और संतोषी देवी ने जानकारी दी कि सिमली में एक बड़े बेस अस्पताल के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सिमली में पूर्ण बेस अस्पताल बनाए जाने की घोषणा की थी। लेकिन, इस घोषणा के बावजूद धरातल पर केवल एक बोर्ड लगाने के अलावा कोई भी ठोस कार्य आगे नहीं बढ़ा। प्रशासन और शासन की इस सुस्ती के कारण क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। यह पदयात्रा 11 अक्टूबर को सिमली से आरंभ हुई थी। ऋषिकेश पहुंचने पर यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। समिति के अनुसार, इस पदयात्रा को विधानसभा क्षेत्र के 160 से अधिक गांवों के निवासियों के साथ साथ प्रवासियों का भी भारी समर्थन मिल रहा है। यात्रा के दौरान लगातार स्थानीय ग्रामीण और महिलाएं बड़ी संख्या में जुड़ रहे हैं। जिससे यह आंदोलन अब एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। सिमली से शुरू हुई यह पदयात्रा विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए अब अपने अंतिम पड़ाव यानी देहरादून की ओर तेजी से आगे बढ़ रही है। 20 अक्टूबर को देहरादून में मुख्यमंत्री कार्यालय के घेराव के दौरान समिति और क्षेत्रवासी अस्पताल निर्माण की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
