ऋषिकेश
भारतीय सेना के आर्मी सर्विस कोर की व्हाइट वॉटर राफ्टिंग एक्सपीडिशन का समापन हो गया। ऋषिकेश में आयोजित एक भव्य फ्लैग इन समारोह में अभियान दल का स्वागत किया गया। इस विशेष समारोह की अध्यक्षता डायरेक्टर जनरल ऑफ सप्लाइज एंड ट्रांसपोर्ट लेफ्टिनेंट जनरल मुकेश चड्ढा, एवीएसएम, एसएम, वीएसएम ने की। यह चुनौतीपूर्ण अभियान 7 अक्टूबर को रुद्रप्रयाग से शुरू हुआ था। टीम ने अलकनंदा और गंगा नदियों के कठिन रैपिड्स, अनिश्चित जलधाराओं और विषम नदीय भूभाग का सामना करते हुए लगभग 145 किलोमीटर का मार्ग तय कर ऋषिकेश में अपनी यात्रा पूर्ण की।

जब राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे और आर्मी सर्विस कोर के ध्वज के साथ राफ्ट्स समापन स्थल पर पहुंची, तो वह क्षण अत्यंत गौरवमयी और अदम्य साहस का प्रतीक बन गया। कोर के आदर्श वाक्य के अनुरूप आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सैन्यकर्मियों में साहसिक भावना, शौर्य, टीम वर्क और सहनशक्ति को बढ़ावा देना रहा। इस दल में 2 अधिकारी, 2 जूनियर कमीशंड अधिकारी और 12 अन्य रैंक के कुल 16 सैन्यकर्मी शामिल रहे। अभियान पर निकलने से पहले टीम ने 21 सितंबर से 3 अक्टूबर तक रायवाला में बेसिक व्हाइट वॉटर राफ्टिंग का कड़ा प्रशिक्षण पूरा किया था। समापन समारोह के दौरान टीम कैप्टन ने सम्मान और आभार के रूप में स्मृति-चिह्न भेंट किया।

अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले जवानों को उनके साहस व समर्पण के लिए डीजीएसटी मेडलियन, एक्सपीडिशन पूर्णता पदक और प्रशंसा प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। नदी संचालन व सुरक्षा तकनीकों का बेहतरीन प्रशिक्षण देने वाले प्रशिक्षकों तथा अभियान के सुचारु आयोजन, प्रशासनिक व्यवस्था और समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली यूनिट को भी मेडलियन प्रदान किए गए।
