ऋषिकेश
ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए शासन ने लगभग 16.24 किलोमीटर लंबी सड़कों के निर्माण के लिए 952.03 लाख (9.52 करोड़) रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के प्रयासों से स्वीकृत हुई इस धनराशि से क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी और स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
इन क्षेत्रों में होगा सड़क निर्माण
शासन द्वारा स्वीकृत बजट से विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम सभाओं और कॉलोनियों में इंटरलॉकिंग टाइल्स एवं सड़क निर्माण कार्य किए जाएंगे:
ग्राम सिराई मुख्य एवं आंतरिक मार्ग: 2.5 किमी दूरी (लागत: 132.95 लाख)
खैरी खुर्द पांडे प्लांट ठाकुरपुर (विभिन्न मार्ग): 4.52 किमी दूरी (लागत: 237.73 लाख)
ग्राम सभा श्यामपुर: 1.3 किमी दूरी (लागत: 90.58 लाख)
खांड गांव एवं सैनिक कॉलोनी: 3.65 किमी दूरी (लागत: 175.27 लाख)
गुमानीवाला, गंगोत्री कॉलोनी एवं भागीरथी कॉलोनी: 4.27 किमी दूरी (लागत: 315.50 लाख)
“सड़कों से आर्थिक-सामाजिक गतिविधियों को मिलेगी गति” — डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल
इस महत्वपूर्ण वित्तीय स्वीकृति पर विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास का मुख्य आधार होती हैं। बेहतर सड़क नेटवर्क से न केवल आम जनता को सुगम आवागमन की सुविधा मिलती है, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी नया वेग मिलता है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर शासन के समक्ष उठाकर उनका समाधान कराया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री के सहयोग से ऋषिकेश में विकास का यह सिलसिला आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
