ऋषिकेश
ऋषिकेश में आज दोपहर मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट ली। देखते ही देखते नीले आसमान में काले-घने बादलों का डेरा जमा हो गया और कुछ ही देर में तेज गर्जना के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इस अचानक हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और पूरा मौसम सुहाना हो गया।
पर्यटकों के खिले चेहरे, गर्मी से मिली निजात
पिछले कुछ दिनों से उमस और गर्मी का सामना कर रहे स्थानीय लोगों और व्यापारियों को इस झमाझम बारिश से बड़ी राहत मिली है। वहीं, ऋषिकेश के विभिन्न गंगा घाटों और पर्यटन स्थलों पर पहुंचे पर्यटकों के चेहरे सुहावने मौसम को देखकर खिल उठे। पर्यटकों को बारिश की फुहारों के बीच मौसम का आनंद लेते और तस्वीरें खिंचवाते हुए देखा गया।
सड़कों पर जलभराव से राहगीर परेशान
मौसम के सुहावने होने के साथ ही शहर की बदहाल व्यवस्था की पोल भी खुल गई। ऋषिकेश शहर में कई जगहों पर विकास कार्यों के चलते सड़कें खुदी हुई हैं। तेज बारिश के बाद इन खुदे हुए गड्ढों और सड़कों पर भारी जलभराव हो गया। पानी भरने से वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वाले लोगों और श्रद्धालुओं को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि खुदी हुई सड़कों के कारण जलभराव से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। कुल मिलाकर इस बारिश ने जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत देकर मौसम खुशनुमा बना दिया, वहीं दूसरी ओर जलभराव की समस्या ने राहगीरों की परेशानी बढ़ा दी है।
