देहरादून
राजधानी देहरादून के थाना रायपुर क्षेत्र अंतर्गत तपोवन स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। पैसों के मामूली विवाद में एक प्लंबर ने बुजुर्ग दंपति और बीच-बचाव करने आई एक महिला नौकरानी पर पेचकस से हमला कर तीनों की निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को स्थानीय लोगों ने मौके पर ही दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।
पैसे के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 3:10 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि विष्णुलोक कॉलोनी में एक व्यक्ति चोरी की नीयत से घर में घुसा है, जिसे लोगों ने पकड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रायपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पूछताछ में पता चला कि पकड़ा गया युवक राजकुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह (निवासी इंद्रेश नगर, देहरादून, मूल निवासी बिजनौर, यूपी) प्लंबर का काम करता है। वह पिछले 2 सालों से बुजुर्ग दंपति के घर प्लंबिंग का काम करने आ रहा था। आज भी बुजुर्ग दंपति ने उसे काम के लिए ही घर बुलाया था। काम पूरा होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर राजकुमार की बुजुर्ग दंपति से कहासुनी हो गई। गुस्साए आरोपी ने अपने पास रखे पेचकस से दंपति पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर बचाने आई महिला को भी उतारा मौत के घाट
इसी दौरान पड़ोस के घर में काम करने वाली नौकरानी बुजुर्ग दंपति की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंची और बीच-बचाव करने लगी। दरिंदे राजकुमार ने गवाह मिटाने की नीयत से उस पर भी पेचकस से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में बेसुध गिर पड़े। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों का विवरण:
रमेश कपूर (उम्र 80 वर्ष), निवासी विष्णु लोक कॉलोनी, रायपुर, देहरादून।
रजनी कपूर (उम्र 75 वर्ष), पत्नी रमेश चंद्र कपूर।
तिलया देवी उर्फ शीला (उम्र 48 वर्ष), पत्नी स्व. पवन राम (पड़ोस में काम करने वाली नौकरानी)
आला-ए-कत्ल और सोने की चेन बरामद
आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांचने पर आरोपी अकेला ही बुजुर्ग दंपति के घर की ओर आता दिखाई दिया है। पुलिस ने मृतक महिला के परिजनों की तहरीर पर आरोपी राजकुमार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
