ऋषिकेश
जंगलात बैरियर के पास सोमवार शाम दो मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस के मुताबिक घटना करीब शाम साड़े 4 बजे की है। 112 कंट्रोल रूम को कॉलर ने बताया कि जंगलात बैरियर से लगभग 1 किलोमीटर आगे दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई है। सूचना पर बस अड्डा चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। हादसा इतना भीषण था कि एक मोटरसाइकिल सवार सोहन लाल नौटियाल (40 वर्ष), निवासी ग्राम सिला, मालदेवता (देहरादून) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान बलराम नौटियाल (45 वर्ष) निवासी मालदेवता, प्रियांशु मिश्रा (21 वर्ष) निवासी भट्टोवाला (ऋषिकेश), और रोहित कण्डवाल (23 वर्ष) निवासी श्यामपुर (ऋषिकेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने 108 एम्बुलेंस की मदद से तीनों घायलों को तत्काल राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही के लिए ऋषिकेश अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। सुरक्षा के लिहाज से दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कोतवाली परिसर में खड़ा कराया गया है। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
