ऋषिकेश
ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र में विद्युत लाइनों को भूमिगत करने के कार्य का आधिकारिक शुभारंभ और भूमि पूजन सीमा डेंटल कॉलेज के पास हुआ है। पूर्व कैबिनेट मंत्री और विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने मेयर शंभू पासवान, स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ऊर्जा निगम के अधिकारियों की उपस्थिति में इस परियोजना की शुरुआत की। विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने बताया कि आरडीएसएस गंगा कॉरिडोर योजना के तहत लगभग 357 करोड़ की लागत से ऋषिकेश क्षेत्र की विद्युत लाइनों को भूमिगत किया जा रहा है। इसके तहत 33 KV लाइन 48 किलोमीटर, 11 KV लाइन 103 किलोमीटर और LT लाइन 111 किलोमीटर भूमिगत की जाएगी। इसके अतिरिक्त, कोयल घाटी में कॉलेज के पास आवंटित भूमि में एक नया विद्युत सब-स्टेशन भी बनाया जाएगा। इस योजना के पूरे होने के बाद आंधी तूफान या तेज हवाओं के दौरान तारों के आपस में टकराने और स्पार्किंग के कारण होने वाली कटौती से राहत मिलेगी। सड़कों पर लटकते तारों और पोलों से होने वाले हादसों से मुक्ति मिलेगी। शहर में खंभों और तारों के बिछे जाल से निजात मिलेगी, जिससे गंगा किनारे और मुख्य बाजार क्षेत्र की भव्यता एवं सुंदरता बढ़ेगी। प्रेमचंद अग्रवाल ने इस विकास कार्य के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना ऋषिकेश के लिए विद्युत क्षेत्र में एक बड़ी सौगात सिद्ध होगी।
