ऋषिकेश
थाना मुनिकीरेती क्षेत्रान्तर्गत स्वामी नारायण आश्रम घाट पर गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। गंगा किनारे अचानक पैर फिसलने से एक 74 वर्षीय बुजुर्ग नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और बहने लगे। स्थानीय लोगों, जल पुलिस और एसडीआरएफ की तत्परता से बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार घटना आज शाम लगभग 5 बजे की है। तमिलनाडु से अपने परिवार के साथ आए बुजुर्ग स्वामी नारायण आश्रम घाट पर गंगा आचमन के लिए उतरे। तभी अचानक पैर फिसलने से वह उफनती गंगा में गिर गए। उन्हें बहता देख घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों और जल पुलिस ने बिना समय गंवाए तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद बुजुर्ग को सकुशल गंगा से बाहर निकाल लिया। इसके तुरंत बाद मौके पर पहुंची SDRF की टीम ने रेस्क्यू किए गए बुजुर्ग को स्ट्रेचर के माध्यम से 108 एंबुलेंस तक पहुंचाया, जहां से उन्हें त्वरित प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण के अनुसार, रेस्क्यू किए गए बुजुर्ग की पहचान गणपति श्रीनिवासन (74 वर्ष), पुत्र गणपति, निवासी- यूनाइटेड इंडिया कॉलोनी, 4th क्रॉस स्ट्रीट, कोदामबक्कम, चेन्नई के रूप में हुई है। घटना के समय उनके परिजन भी मौके पर मौजूद थे।
स्थानीय लोगों और सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई के कारण बुजुर्ग की जान बच सकी, जिसकी परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की है।
