

ऋषिकेश
ऋषिकेश के व्यस्ततम झंडा चौक क्षेत्र में एक शातिर टप्पेबाज ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देकर सर्राफा बाजार में सनसनी फैला दी है। शातिर चोर ने बड़ी ही चालाकी से दुकान संचालक को अपनी बातों के जाल में उलझाया और नजर बचाकर सोने के दो कीमती पैडेंट पर हाथ साफ कर दिया। सूचना मिलने पर हरकत में आई कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। पुलिस के मुताबिक घटना 19 अगस्त की है। आदर्श नगर निवासी हिमानी पंवार की झंडा चौक स्थित ज्वेलरी शॉप पर एक अज्ञात व्यक्ति ग्राहक बनकर पहुंचा। आरोपी ने आभूषण देखने के बहाने दुकान संचालक का ध्यान भटकाया और बेहद सफाई से दो सोने के पैडेंट जेब में रख चंपत हो गया। टप्पेबाज के जाने के कुछ देर बाद जब सामान का मिलान किया गया, तब इस वारदात का खुलासा हुआ। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घाट चौकी प्रभारी बिनेश कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन कर दिया गया है। दुकान और आसपास के इलाकों में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज रीकॉल की जा रही है। जिससे आरोपी का हुलिया और भागने का रूट ट्रैक किया जा सके। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों में रोष है और उन्होंने बाजार में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
