

ऋषिकेश
मुनिकीरेती थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीनगर हाईवे पर मालागूंठी क्षेत्र में एक तेज रफ्तार डंपर और स्विफ्ट कार के बीच हुई जोरदार टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) की टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाया और कार में फंसे सभी यात्रियों को सकुशल बाहर निकाला।
डंपर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हुई कार
एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण मुताबिक स्विफ्ट कार देवप्रयाग की तरफ जा रही थी, जबकि सामने से आ रहा डंपर देवप्रयाग से ऋषिकेश की ओर बढ़ रहा था। मालागूंठी के समीप दोनों वाहनों में आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चार यात्री अंदर ही फंस गए।

SDRF का त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही चौकी ब्यासी से मुख्य आरक्षी मोहन सिंह के नेतृत्व में SDRF की रेस्क्यू टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। SDRF की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर कटर व अन्य आवश्यक उपकरणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद कार में सवार तीन महिलाओं और एक पुरुष को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
अस्पताल भेजे गए घायल
रेस्क्यू किए गए चारों घायलों को तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। SDRF की समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल पुलिस घायलों की पहचान जुटाने में लगी हुई है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।
