

देहरादून
जिलाधिकारी के निर्देशों पर पूर्ति विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रायपुर क्षेत्र में चल रहे घरेलू गैस चोरी के बड़े खेल का पर्दाफाश किया है। ग्राम सोडा सिरौली में छापेमारी के दौरान ऑर्डिनेंस गैस सेवा (रायपुर) की गैस वितरण गाड़ी से अवैध रूप से गैस निकालते हुए पकड़ा गया।
मामले की शिकायत मिलते ही जिलाधिकारी के निर्देश पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संतोष भट्ट और पूर्ति सहायक विजय की टीम को मौके पर भेजा गया था। जांच के दौरान पाया गया कि वितरण वाहन में कुल 26 सिलेंडर मौजूद थे। इनमें से 4 सिलेंडरों से 1 किलो से लेकर 6.5 किलो तक गैस निकाली जा चुकी थी, जबकि बाकी 22 सिलेंडर पूरी तरह भरे हुए थे।
स्थानीय लोगों ने दिया वीडियो साक्ष्य, रिफिलर बरामद
स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस बात की पुष्टि की कि गाड़ी के कर्मचारी लंबे समय से अवैध रूप से सिलेंडरों से गैस निकाल रहे थे। ग्रामीणों ने जांच टीम को इसका वीडियो साक्ष्य भी सौंपा। मौके से गैस ट्रांसफर करने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला रिफिलर भी बरामद किया गया है।
गाड़ी जब्त, दर्ज हुआ मुकदमा
मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य विभाग ने गैस वितरण वाहन को तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया है। घटना में शामिल कर्मचारी जयप्रकाश (पुत्र प्रेमशंकर) और रटनेश (पुत्र चंद्रपाल) के साथ-साथ ‘ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर’ के खिलाफ थाना रायपुर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। बरामद किए गए सभी 26 सिलेंडरों को सुरक्षित रखने के लिए निकटवर्ती सहकारी गैस सेवा में जमा करा दिया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी के. के. अग्रवाल ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि उपभोक्ताओं के अधिकारों और हितों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति या एजेंसी को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त और कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
