

ऋषिकेश
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी जनसभा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर ‘गंगाजल से शुद्धिकरण’ कराए जाने के विरोध में शुक्रवार को ऋषिकेश की सड़कों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस कमेटी ऋषिकेश के बैनर तले आयोजित इस ‘सत्याग्रह पैदल मार्च’ में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और भाजपा की मानसिकता को “दलित विरोधी” करार दिया।
कांग्रेस भवन से अंबेडकर प्रतिमा तक सत्याग्रह
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र के नेतृत्व में रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन से पैदल मार्च शुरू हुआ। इसमें महानगर पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल और एससी प्रकोष्ठ के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। यह सत्याग्रह मार्च शहर के मुख्य मार्गों से होता हुआ बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर पहुंचकर संपन्न हुआ।

“सामाजिक समरसता और संविधान पर हमला” — वरिष्ठ नेता
सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर तीखे हमले बोले:
ज़िलाध्यक्ष मोहित उनियाल एवं पूर्व कबीना मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे देश के वरिष्ठ दलित नेता और संवैधानिक मूल्यों के रक्षक हैं। उनके कार्यक्रम के बाद गंगाजल से शुद्धिकरण करना सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का हनन है। हमारा सत्याग्रह जातिगत भेदभाव और दलित विरोधी सोच के खिलाफ है।
प्रदेश महासचिव दीप शर्मा एवं महानगर अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने कहा कि संविधान लागू होने के दशकों बाद भी किसी नेता के कार्यक्रम के बाद ऐसी सोच सामने आना शर्मनाक है। दलित समाज का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम बाबा साहेब के दिए अधिकारों और समानता की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण ढंग से लड़ाई जारी रखेंगे।
प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद
इस शांतिपूर्ण पैदल मार्च में कांग्रेस के कई प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से प्रदेश सचिव राकेश सिंह मियाँ, राकेश अग्रवाल, मदन मोहन शर्मा, महंत विनय सारस्वत, महेंद्र भट्ट, चंदन पंवार, अरविंद जैन, सूरत कोहली, प्रदीप जैन, प्यारे लाल जुगरान, मुकुल शर्मा, पुष्पा मिश्रा, रवि जैन, पार्षद देवेंद्र प्रजापति, भगवान पंवार, अभिनव मालिक, और नितेश कुमार सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित थे।
